वाराणसी, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हो रहा है। पूर्वाह्न 11 बजे तक वाराणसी जिले में औसतन 21.19 फीसदी मतदान हो हुआ।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक जिले के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में 22.2 प्रतिशत, अजगरा 23.5, शिवपुर 21.9, रोहनिया 21.9, वाराणसी उत्तरी 21.21, वाराणसी दक्षिणी 17.36, वाराणसी कैंट 18.5 और सेवापुरी में 23.06 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह सुबह 09 बजे तक जिले में 8.93 फीसद मतदान हो चुका था। इसमें पिंडरा-9.15%, अजगरा-9.5%, शिवपुर – 10.82%, रोहनिया- 8.85%, वाराणसी उत्तरी – 8.45%, वाराणसी दक्षिणी- 7.12%, वाराणसी कैंट-7.5%, सेवापुरी – 10.08% तक मतदान हो चुका था।
सुबह 07 बजे से शुरू हुए मतदान में सुबह 9:30 बजे तक आठों विधानसभा क्षेत्रों में 17 स्थानों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। कंट्रोल रूम की सूचना पर निर्वाचन कार्यालय ने दूसरी मशीन वहां लगाते हुए मतदान प्रक्रिया शुरू कराई। इसमें शिवपुर में चार ईवीएम खराब हुई। मतदान को लेकर मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। ईवीएम खराब होने के बाद भी मतदाता कतारों में खड़े रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
उत्तरी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी और राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने अपने परिवार के साथ राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, मलदहिया में वोट डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर आज पूरे प्रदेश में जनता चुनाव लड़ रही है। कैंट से भाजपा प्रत्याशी सौरभ श्रीवास्तव ने अपने पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया। शहर दक्षिणी के प्रत्याशी और प्रदेश के पर्यटन राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शंकुलधारा के पास प्राइमरी पाठशाला में मतदान किया।
वाराणसी जिले में विधानसभा की आठ सीटें- पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, वाराणसी उत्तरी, वाराणसी दक्षिणी, वाराणसी कैंट और सेवापुरी है।