जल प्रहरी से प्रकाश सिंह होंगे सम्मानित

Share

-तीस मार्च को जल शक्ति मंत्री करेंगे सम्मानित

रुद्रप्रयाग, 27 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय जल प्रहरी के लिए रिलायंस फाउंडेशन के टीम लीडर प्रकाश सिंह का चयन किया गया है। जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से यह सम्मान दिया जाता है। आगामी तीस मार्च को जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रकाश सिंह को सम्मानित किया जायेगा।

केदारनाथ आपदा के बाद से रिलायंस फाउंडेशन के साथ जुड़कर प्रकाश सिंह जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली में लोगों के लिए आजीविका का साधन और स्वास्थ्य के साथ ही पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं। जनपद का सीमान्त व सुदूरवर्ती गांव चिरबटिया में पानी की समस्या को देखकर जल संरक्षण के लिए चाल-खाल निर्माण कार्य की शुरुवात की गयी, जिसमें 11 लाख लीटर पानी एकत्रित हुआ। इसके बाद इसको प्रहरी खाल के नाम से जाना गया, जो एक जल संरक्षण के लिए सफल मॉडल रहा। इसके अलावा जनपद के तीनों विकासखंडो में जल संरक्षण व संवर्धन के लिए कार्य किया जा रहा है।

वर्तमान में प्रकाश सिंह के दिशा-निर्देश में जनपद रुद्रप्रयाग व जनपद टिहरी के 60 गांवों में जल संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है। जंगलों में पारंपरिक चाल-खाल बनाने की मुहिम की शुरूआत करने वाले प्रकाश सिंह आज बीस गांवों में पानी के संरक्षण को लेकर सफल कार्य कर रहे हैं। रिलायंस फाउंडेशन के टीम लीडर प्रकाश सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम जल शक्ति मंत्रालय, जल जीवन मिशन भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस वर्ष जल प्रहरी सम्मान के लिए उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, आसाम, तमिलनाडु, हिमांचल प्रदेश, लद्दाक, उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों से जल संरक्षण व संचायन करने वालों का चयन किया गया है।

जल प्रहरी समारोह के संयोजक अनिल सिंह ने बताया की समारोह में हिस्सा लेने वाले कई जल प्रहरी ऐसे हैं, जिनके नवीन प्रयोग, उपकरण, तौर तरीके अनूठे हैं और लाखों लीटर पानी बचा रहे हैं। इन जल प्रहरियों मे किसान, वैज्ञानिक, आईएएस, आईआरएस, जिला स्तर के अधिकारियो के साथ शिक्षकों के नाम शामिल हैं। इस वर्ष चयन समिति प्रमुख पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं मौजूदा राज्य सभा सांसद रंजन गोगाई हैं। रुद्रप्रयाग से प्रकाश सिंह को जल संचायन संरक्षण कार्यों के लिए जल प्रहरी सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।