गोपेश्वर, 25 मार्च (हि.स.)। बदरीनाथ धाम की यात्रा आगामी आठ मई से शुरू होनी है। यात्रा के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जोशीमठ तहसील की टीम ने जोशीमठ से बदरीनाथ धाम तक हाईवे का निरीक्षण करने के साथ ही बदरीनाथ धाम का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पूर्व तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।
कोरोना के चलते बीते दो वर्षों से बदरीनाथ धाम की यात्रा नहीं हुई थी। ऐसे में इस वर्ष यात्रा अपने पूरे सबाब पर रहने की संभावनाएं हैं। इस वर्ष यात्रा से संबंधित तैयारियां पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में हैं। जिसे लेकर उप जिलाधिकारी ने बदरीनाथ हाईवे का निरीक्षण कर निर्माणदायी संस्थाओं को हनुमान चट्टी, रडांग बैंड, कंचन गंगा, गोविंदघाट और खचरा नाला में चल रहे चौड़ीकरण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को बिजली, पानी, स्वास्थ्य, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं को समय से करने के निर्देश दिये। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिये चेक पोस्ट बनाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे