– पीड़ित आईएएस की तहरीर पर कानपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज छानबीन शुरू की
कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जनपद में आईएएस अधिकारी को धमकाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आईएएस अधिकारी के पूर्व पति व उसके सहयोगियों के खिलाफ धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना उस वक्त की है जब वह कानपुर की जिलाधिकारी व दोस्त से मिलने आई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
आईएएस अधिकारी शुभ्रा सक्सेना और उनके पूर्व पति शशांक गुप्ता के बीच तलाक के बाद भी विवाद थमता नहीं दिख रहा है। इस बार कानपुर जिलाधिकारी व दोस्त से मिलने पहुंची शुभ्रा को उनके पूर्व पति द्वारा धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
दरअसल, आईएएस शुभ्रा सक्सेना लखनऊ में सेलिब्रिटी ग्रींस सुशांत गोल्फ सिटी में परिवार के साथ रहती हैं। उनकी शादी गोमती नगर विभूति खंड रोहताश प्रेसिंडेंशिययल टावर में रहने वाले शशांक गुप्ता से 20 जून 2003 को हुई थी। दोनों के वर्ष 2013 में बेटी शायना का जन्म हुआ था। आरोप था कि शादी के बाद से पति उन्हें मानसिक, शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। पति के उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने जुलाई 2020 को पारिवारिक न्यायालय में पति से तलाक ले लिया था। तलाक लेने के बाद भी शशांक उन्हें तरह-तरह से धमकाता रहता है।
कानपुर कोतवाली थाने में दी तहरीर में आईएएस शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि बीती दिनों 5 मार्च को वह कानपुर की जिलाधिकारी व अपनी दोस्त नेहा शर्मा से मिलने आई थीं। उसी दिन शाम को छह बजे पूर्व पति शशांक गुप्ता उनके लखनऊ स्थित उनके और उनकी बहन ऋचा सक्सेना के आवास पर बाउंसरों को लेकर पहुंचा और धमकाने लगा।
इसके बाद उसने एक अंजान नंबर से वाट्सएप भी किया और कानपुर की लोकेशन बताते हुए उससे यह कहा कि, तुम कब तक बचोगी। इस सम्बंध में कोतवाली थाना प्रभारी कोतवाली अजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच महिला दारोगा भूनेश्वरी द्वारा कराई जा रही है। प्रकरण में सर्विलांस की मद्द से भी आरोपितों की लोकेशन आदि ट्रेस कर कार्रवाई को अमल में लाया जा रहा है।