हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। मां गंगा गोधाम सेवा ट्रस्ट का जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए चलाया जा रहा खाद्य सामग्री वितरण अभियान निरंतर जारी है। सोमवार को कनखल स्थित रामलीला ग्राउंड पर 31सौ लोगों को खाद्य सामग्री की किट वितरित की गई।
इस मौके पर महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार की मदद करना ही मां गंगा गोधाम सेवा ट्रस्ट का मूल उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखकर जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए खाद्य सामग्री वितरण अभियान शुरू किया गया है। महंत महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति में प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा करने का संदेश दिया गया है। सभी को मानव सेवा करते हुए जरूरतमंदों का ख्याल रखना चाहिए। ऐसा करने से समाज में समरसता का भाव पैदा होता है।
स्वामी प्रकाशानंद महाराज एवं विश्व हिंदू परिषद के नेता नितिन गौतम ने कहा कि कोरोना काल में भी संत महापुरुषों ने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों को कच्चा राशन व अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध उनकी आवश्यकताओं को पूरा किया। उन्होंने कहा कि महंत निर्मल दास महाराज युवा संत हैं, जो मां गंगा गोधाम सेवा ट्रस्ट के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं। यही मानव धर्म है और यही जीवन का मूल अर्थ है। निर्मल अखाड़े के कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने भी महंत निर्मलदास महाराज के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस दौरान महंत धर्मदास महाराज, विकास प्रधान, मधुर मोहन शर्मा, जगदीश अत्री, शैलेंद्र त्रिपाठी, दीपक गौनियाल, शिवम शास्त्री, हिमांशु राजपूत, प्रवीण शर्मा, राजेश शर्मा, आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।