हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। आप की प्रवक्ता हेमा भण्डारी ने कहा है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज महंगाई चरम पर है। विगत छह माह में घरेलू सिलेंडर के दाम दो बार बढ़ा दिए गए। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल, डीजल के दामो में बढ़ोतरी हो रही है। गृहणियों का बजट बिगड़ गया है। पहले से ही महामारी की मार झेल रहे व्यापारियों को चारधाम यात्रा से उम्मीद जगी थी, परंतु बढ़ते डीजल और पेट्रोल की मार से हर चीज महंगी हो जाएगी। केंद्र सरकार को आवश्यक कदम उठाकर जनता को राहत देनी चाहिए।
जिला मीडिया सह प्रभारी अनिल सती ने कहा कि चुनाव परिणाम के तुरंत बाद देश में महंगाई का डबल अटैक हुआ है। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी गयी, सब्जियों के दामो में दोगुनी वृद्धि हो गयी है। इनकी सरकार में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव परिणाम का इंतजार कर रही थी। चुनाव परिणाम आते ही जनता को चार राज्यों की जीत का उपहार केंद्र सरकार ने महंगाई के रूप में दिया है।