हरिद्वार, 05 मार्च (हि.स.)। आए दिन नशे के कारोबारियों की गिरफ्तारी के बावजूद नशा तस्करी का खेल धर्म नगरी में थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने ऐसे ही एक चरस तस्कर को गिरफ्तार कर तीन लाख से ज्यादा की चरस बरामद की है। पकड़ा गया चरस तस्कर मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है। यह तस्कर अस्थाई रूप से उत्तरी हरिद्वार में रहकर मादक पदार्थों की सप्लाई किया करता था।
हरिद्वार में मादक पदार्थों की तस्करी का खेल लगातार जारी है। आलम यह है की तस्करों ने अब हरिद्वार को ही गढ़ बना लिया है। अब सामने आने लगा है कि तस्कर बाहर से मादक पदार्थों को लाने के बजाय हरिद्वार में रहकर ही इसकी सप्लाई को अधिक सुरक्षित समझ रहे हैं। कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने अमित शर्मा निवासी पानीपत हरियाणा एवं हाल निवासी भूपतवाला हरिद्वार को लेकर मुखबिर की सूचना पर इलाके में छापेमारी की। जिसमें करीब तीन लाख से ज्यादा की चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित का चालान कर जेल भेज दिया है।