भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। कोरोना के चलते दो साल बाद प्रदेशभर में चैत्र नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। सतना जिले के मैहर में स्थित प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर में भी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आठ जोड़ी ट्रेनों का मैहर रेलवे स्टेशन पर अस्थाई रूप से दो मिनट का स्पेशल हाल्ट दिया है।
चैत्र नवरात्र का पर्व आगामी 2 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही विक्रम संवत 2079 हिंदू नव वर्ष भी प्रारंभ हो जाएगा। नवरात्रि के पावन अवसर पर देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ बढ़ती है, जिसको देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मैहर की मां शारदा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है। इस मार्ग से गुजरने वाले 8 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों को यहां रोकने का निर्णय लिया है। जिनमें गोरखपुर से एलटीटी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल हैं। श्रद्धालुओं के लिए यहां रिजर्वेशन की सुविधा भी दी गई है, जो कि रविवार से शुरू हो गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो साल से बढ़ते कोरोना के चलते चैत्र नवरात्र के दौरान मंदिरों को बंद कर दिया गया था। इनमें मैहर स्थित मां शारदा धाम भी शामिल है, लेकिन इस बार यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। चैत्र नवरात्र के दौरान यहां भक्तों की भीड़ उमड़ने वाली है। इसी को देखते हुए रेलवे द्वारा यहां आठ जोड़ी ट्रेनों का विशेष स्टापेज दिया जा रहा है।
जिन ट्रेनों का यहां दो मिनट का स्टापेज दिया गया है, उनमें 11055/11056 लोकमान्य तिलक टर्मिनस- गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 11059/11060 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 12669/12670 चेन्नई-छपरा-चेन्नई एक्सप्रेस, 12791/12792 सिकन्दराबाद-दानापुर-सिकन्दराबाद एक्सप्रेस, 19051/19052 बलसाड़-मुजफ्फरपुर-बलसाड़ एक्सप्रेस, 15645/15646 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोहाटी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 19045/19046 सूरत-छपरा-सूरत एक्सप्रेस और 12293/12294 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज जंक्शन-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल है।