सरकारी जमीन बेचने से नाराज हिन्दू जागरण मंच आंदोलित, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Share

फर्रुखाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। कायमगंज थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन बेचने से नाराज हिन्दू जागरण मंच कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

हिंदू जागरण मंच के विभाग अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना, अनूप चौबे, सनी शर्मा, अवधेश यादव, सौरभ चौहान, नीरज सक्सेना आदि पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी कायमगंज को एक शिकायती पत्र प्रेषित कर कहा है कि नगर सीमा से सटे गांव कुबेरपुर में गाटा संख्या 10 वाली जमीन यहीं के निवासी तस्कील खां व अदील खां की निजी भूमि है। जबकि इसी के पास गाटा संख्या 9 बाला भूखंड ग्राम समाज की सरकारी जमीन है।

आरोप है कि इन दोनों लोगों ने सरकारी भूखंड गाटा संख्या 9 वाली जमीन बगैर रजिस्ट्री बैनामा किए ही बेच ली है। बताया जा रहा है कि इसी ग्राम समाज बाली जमीन पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बना हुआ है। शेष बचे हुए भाग को अपना बता कर यह लोग अवैध रूप से बिक्री कर धन कमा रहे हैं।

हिंदू जागरण मंच ने कहा है कि इस तरह प्रपंच करके सरकारी जमीन बेचने बाले इन भू माफियाओं से इनकी निजी पास में ही स्थित जमीन को अधिग्रहित कर बेची गई सरकारी जमीन की क्षति पूर्ति जनहित में शीघ्र समय रहते करने की कार्यवाही की जानी चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो हिंदू जागरण मंच आंदोलन करने को विवश होगा।