– पहली अप्रैल से शुरू होगी गेहूं खरीद
– 3.62 लाख टन गेहूं खरीद के सापेक्ष 04 लाख टन खरीद का लक्ष्य
– गोरखपुर में 73 और महराजगंज में 118 केंद्रों को मंजूरी
– अन्य जिलों में क्रय केंद्र चयन की प्रक्रिया गतिशील
गोरखपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मंडल में गेहूं खरीद की तैयारियां तेज हैं। गोरखपुर मंडल के चारों जिलों कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया और गोरखपुर में 495 गेहूं क्रय केंद्र बनाये जाने की संभावना है। यह प्रक्रिया चल रही है।
उल्लेखनीय है कि गोरखपुर जिले में 73 और महराजगंज में 118 केंद्रों को मंजूरी मिल चुकी है। अन्य जिलों में भी गेहूं क्रय केंद्रों को स्थापित करने के लिए चयन की प्रक्रिया तेज है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक गेहूं की खरीद करने की तैयारी है। तकरीबन चार लाख टन गेंहू खरीदने का लक्ष्य है। ज्ञातव्य हो कि गोरखपुर जिले में पिछले साल 495 केंद्र बनाए गए थे। फिलहाल, इस वर्ष भी इनकी संख्या 495 ही रखने की योजना है।
पहली अप्रैल से शुरू होगी खरीद
मंडल में इस वर्ष गेहूं की खरीद पहली अप्रैल से शुरू होगी। गेहूं खरीद की प्रक्रिया 15 जून तक चलेगी। रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसान ही अपनी फसल को बेंच सकेंगे। इसके लिए किसानों को संबंधित पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। बता दें कि शासन ने इस वर्ष गेहूं की समर्थन मूल्य 2020 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है।
पिछले वर्ष हुई थी इतनी खरीद
पिछले वर्ष मंडल में बनाये गए 495 गेहूं क्रय केंद्रों से पूरे मंडल में लगभग 3.62 लाख टन गेहूं खरीदा गया था। लेकिन इस वर्ष पिछले रिकार्ड को तोड़ने की तैयारी है। मंडल के चारों जिलों देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और गोरखपुर में इस वर्ष 04 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य है।
बोले संभागीय खाद्य नियंत्रक
संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि इस वर्ष धान खरीद भी अधिक हुई है। अधिक किसानों से धान की खरीद की गई है। करीब 90 प्रतिशत किसानों को भुगतान भी किया जा चुका है। गेहूं खरीद के लक्ष्य को बढ़ाया गया है। इस वर्ष तकरीबन चार लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है।