गाजियाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। पोलैंड के रेज़ज़ो हवाई अड्डे से रूस-यूक्रेन संघर्ष में प्रभावित हुए भारतीय विद्यार्थियों को लेकर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह सोमवार को सुबह छह बजे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन गाजियाबाद पहुंचेंगे। इस विमान में कीव में गोली लगने से घायल दिल्ली निवासी छात्र हरजोत सिंह समेत 200 छात्र शामिल होंगे।
जनरल वीके सिंह के मीडिया प्रभारी कुलदीप चौहान ने रविवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज पोलैंड के रेज़ज़ो हवाई अड्डे से भारतीय वायुसेना के (आईएफसी -सी17 एमसीसी) विमान रवाना भारत के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि इस विमान से लगभग 200 विद्यार्थियों की वतन वापसी हो रही है। उन्होंने बताया कि कीव में गोली लगने से घायल हरजोत सिंह को भी भारत वापस लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक मार्च से अब तक 14 विमानों से लगभग तीन हजार विद्यार्थियों को पोलैंड से वतन वापस लाया गया। इस सम्बंध में भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता एयर फोर्स स्टेशन पर वीके सिंह व छात्रों का स्वागत करेंगे।