अनूपपुर: ओबरब्रिज निर्माण को लेकर पूर्व विधायक ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

Share

रेलवे फाटक पर आए दिन जाम से परेशानी लोगों ने निकाला मार्च

अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय को दो भागों में बांटने वाले रेलवे फाटक पर आए दिन लगते जाम की समस्या को देखते हुए वर्ष 2016 में फ्लाई ओवरब्रिज स्वीकृत किया गया था। फ्लाई ओवर निर्माण में हो रही देरी को देखते हुए सबसे पहले वर्ष 2017 में तत्कालीन विधायक रामलाल रौतेल अनशन पर बैठे, तब तत्कालीन प्रभारी मंत्री संजय पाठक ने इस ओवरब्रिज का भूमिपूजन किया था। दूसरी बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के दौरान एक बार फिर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। अब तक 4 बार इस कार्य का भूमिपूजन किया जा चुका, किंतु कार्य में गति नहीं आई। जिसको देखते हुए पूर्व विधायक रामलाल रौतेल एक बार फिर मोर्चा खोल चुके हैं।

उन्होंने इंदिरा चौराहे से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। भाजपा के पूर्व विधायक ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग के पास गड्ढा खोद देने के कारण जान-माल का खतरा है। रेलवे क्रॉसिंग के उस पार अस्पताल, उत्कृष्ट विद्यालय, बैंक ऑफ इंडिया, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक, भारत ज्योति विद्यालय, तुलसी महाविद्यालय जैसी संस्थाएं हैं। जिनके बच्चे एवं कर्मचारी संस्था में जाने के लिए इन्हीं मार्गों का उपयोग करते हैं। जिस के कारण दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। जिला अस्पताल के मरीजों 24 घंटे इसी रास्ते में आना-जाना होने के कारण काफी परेशानियों का सामना उठाना पड़ता है। उन्होंने इसे व्यवस्थित करने की मांग की है।