मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले किसानों को अब ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसे लेकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह से ही ग्राहक सेवा केंद्रों पर किसानों की भीड़ जुट गई। कृषि विभाग की ओर से इसकी जानकारी गांव-गांव पहुंचकर किसानों को दी जा रही है।
सरकार किसानों को लाभ व सम्मान देने के लिए किसान सम्मान निधि योजना संचालित कर रही है। इसके तहत प्रत्येक किसान को प्रति वर्ष छह हजार रुपये सरकार की तरफ से दिया जा रहा है। किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसानों को बिना रुकावट योजना का लाभ देने के लिए ई-केवाईसी कराया जा रहा है। ई-केवाईसी कराने के लिए मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से लिंक कराने के बाद आधार कार्ड नंबर लगाकर 31 मार्च तक ऑनलाइन ई-केवाईसी कराने की समय सीमा निर्धारित की गई है। इसके कारण सहज सेवा केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की भीड़ ईकेवाईसी कराने के लिए लगी रहती है।
कृषि विभाग के अधिकारी संतोष कुमार कुशवाहा का कहना है कि योजना का लाभ उठाने के लिए सभी किसान अपना ई-केवाईसी करा लें। ई-केवाईसी नहीं होने की स्थिति में किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाले लाभ से वंचित हो सकते हैं।