बुझे दीप को प्रज्ज्वलित करने जैसा है ”फ़ाल्गुनोत्सव” : सुभाष

Share

– ”राग और रंग” दोनों का है पर्व : आरएसएस

गोरखपुर, 17 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक सुभाष ने गुरुवार को लाल डिग्गी पार्क में फाल्गुनोत्सव के संगीतमयी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक बुझे हुए दीप को प्रज्ज्वलित करने जैसा सुंदर त्योहार ही ”फ़ाल्गुनोत्सव” है। यह राग और रंग का उत्सव है।

उन्होंने होली उत्सव की महत्ता और आध्यात्मिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह उत्सव, ”राग और रंग” दोनों का है। भारतीय संगीत की चर्चा करते हुए कहा कि जगत में भिन्न-भिन्न कालखंड के लिए भिन्न-भिन्न राग गढ़े गए हैं। ऐसे भी राग हैं, जिनके गायन से वर्षा कराई जा सकती है। बुझे दीप को प्रज्वलित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही जब प्रकृति में परिवर्तन होता है, तब उसके साथ समाज में भी परिवर्तन परिलक्षित होते हैं। उन परिवर्तनों को हम महसूस करते हैं और देखते भी हैं। इस दौरान उन्होंने भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई और उनकी बुआ ”होलिका” की मंशा की चर्चा करते हुए उसके दुष्परिणामों को समझाया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुभाष ने कहा कि यह उत्सव असत्य पर सत्य की विजय को दर्शाता है। राष्ट्रवादी विचारधारा का विस्तार जन-जन तक पहुंचने लगा है। इसलिए इस वर्ष के उत्सव में विशेष उत्साह का संचरण हुआ है। इतना ही नहीं, अब सामान्य जनमानस भी राष्ट्रवादी वैचारिकता को अंगीकार कर रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और उनके परिवार के सदस्यों की भारी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का आरंभ आद्य सर संघचालक डॉक्टर केशवराव बलिरामराव हेडगेवार और द्वितीय सर संघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर ”गुरु जी” के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि से किया गया। इस दौरान आरएसएस यानी संघ पद्धति के अनुसार ध्वज लगाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रार्थना हुई।

इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ पृथ्वीराज, सह संघचालक डॉ महेंद्र अग्रवाल, प्रांत संपर्क प्रमुख डॉ संजीत कुमार गुप्ता, पूर्व प्रांत संपर्क प्रमुख इंजीनियर अरुण प्रकाश मल्ल, सह व्यवस्था प्रमुख हरे कृष्ण, सह प्रांत सेवा प्रमुख डॉ राजेश चंद्र गुप्ता, विद्या भारती के रामनाथ गुप्त, विभाग कार्यवाह आत्मा सिंह, सह विभाग कार्यवाह उमेश सिंह, भाग संघचालक ओम जालान, प्रौढ़ प्रमुख जगदीश, दक्षिण भाग कार्यवाह अभिषेक, गीता नगर के कार्यवाह संदीप गुप्ता, संघ चालक मनोज कुमार जालान एवं दक्षिण भाग के अंतर्गत आने वाले नगरों के नगर कार्यवाह व नगर संघचालक नंदकिशोर, मकसूदन पांडेय, शैलेंद्र कुमार, ग्रामीण विधानसभा के विधायक विपिन सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता इत्यादि उपस्थित रहे।