हिमालय जैसे विराट व्यक्तित्व की स्वामिनी थीं डा. इंदिरा हृदयेश

Share

देहरादून, 24 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस की पूर्व वरिष्ठ नेत्री स्व. इन्दिरा हृदयेश की जयन्ती के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं ने उनका स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि स्व. इन्दिरा हृदयेश का व्यक्तित्व हिमालय जैसा विराट था और उन्होंने कभी भी अपने सिद्धान्तों के साथ समझौता नही किया। महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि स्व. इन्दिरा हृदयेश ने कभी भी कठिनाइयों और मुसीबतों के आगे अपना सिर नही झुकाया। उन्होंने कहा कि उनका संसदीय अनुभव काफी लम्बा रहा है, जब वह सदन में बोलती थी तो चाहे सरकार के मंत्री विधायक हों या विरोधी दल के विधायक हों उनके वक्तव्य को गौर से सुनते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सोच विकासपरक थी।

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि वह अविभाजित उत्तर प्रदेश की विधान परिषद सदस्य रही और कई बार उत्तराखंड सरकार में वरिष्ठ मंत्री रही। उनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा।

श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में प्रदेश संगठन महामंत्री के अलावा पूर्व मंत्री अजय सिंह, महामंत्री राजेन्द्र शाह, गढ़वाल मण्डल प्रभारी गरिमा महरा दसौनी, प्रदेश प्रवक्ता दीप बोहरा, डॉ. प्रतिमा सिंह, संजय कनौजिया, शीषपाल सिंह बिष्ट, विजय सिंह गुसांई, मदन मोहन कोहली आदि उपस्थित थे।