गोपेश्वर, 25 मार्च (हि.स.)। चमोली जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने शुक्रवार को जिला स्तरीय वनाग्नि अनुश्रवण समिति की बैठक ली। बैठक में वनाग्नि के कारण, वनाग्नि नियंत्रण में आने वाली कठिनाइयों, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों के चिह्नीकरण तथा वनाग्नि को रोकने के लिए के किए जा रहे उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन-जिन स्थानों पर वनाग्नि होने की संभावना ज्यादा है वहां पर गोष्ठियां कराकर लोगों को जागरूक किया जाए। स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों तथा युवक मंगल दलों को सम्मिलित किया जाए। आपदा प्रबंधन, पुलिस की फायर टीम और वन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर जनजागरुकता कार्यक्रम करना चाहिए। उन्होंने वन विभाग को नुक्कड़ नाटक तथा शॉर्ट वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से वनाग्नि के नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को आवश्यक वस्तुओं, उपकरणों के लिए डिमांड भेजने को भी कहा।