नैनीताल, 28 मार्च (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल की बीएससी की छात्रा रश्मि पंत ने आईआईटी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 49 रैंक प्राप्त कर गौरवान्वित करने और प्रेरणास्पद प्रदर्शन किया है।
इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आईआईटी कानपुर में हुआ है। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है कि वह पिथौरागढ़ जनपद के बेरीनाग क्षेत्र के ग्राम भट्टीगांव के एक बेहद सामान्य परिवार से आती हैं। उनकी माता प्रभा पंत ने स्थानीय विद्यालय में भोजन माता के रूप में कार्य कर उन्हें पढ़ाया है।
बचपन से मेधावी छात्रा रही रश्मि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भट्टीगांव और राजकीय बालिका इंटर कालेज बेरीनाग से पढ़ने के बाद वर्तमान में डीएसबी परिसर नैनीताल से बीएससी कर रही हैं।
रश्मि की इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी, कुलसचिव दिनेश चंद्रा, डीआईसी निदेशक प्रो.संजय पंत, शोध एवं प्रसार निदेशक तथा कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ-कूटा के अध्यक्ष प्रो ललित तिवारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. दीपिका गोस्वामी, डॉ. सोहेल जावेद, डॉ. प्रदीप, डॉ. पैनी जोशी, डॉ. गगन होती, डॉ. मनोज धौनी, डॉ. सीमा, डॉ. रितेश शाह तथा डॉ.प्रभा पंत आदि प्राध्यापकों ने बधाई एवम शुभकामनाएं दी हैं।