सुलतानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। कोविड-वैक्सीनेशन के उद्घाटन सत्र में ही बड़ी संख्या में बच्चों ने अपना टीकाकरण कराया। 12 वर्षीय छात्रा दीपा भारती व राजश्री गुप्ता ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि यदि आप अपने बच्चों से प्यार करते हैं तो उनका टीकाकरण अवश्य करवायें। वहीं छात्रा सोनम ने कहा कि कोरोना के कारण पिछले 2 वर्षों से हमारी पढ़ाई बाधित हो गई थी, इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य करवा दें। बच्चों ने टीकाकरण कराने के बाद मोदी योगी का धन्यवाद किया।
जिला महिला अस्पताल में बुधवार को सुबह 12 से 14 वर्ष के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने किया। उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष के बच्चों को कौरबी वैक्स वैक्सीन लगाई जा रही है, 28 दिन बाद बच्चों को दूसरा टीका भी लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बाद नागरिकों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। कोविड वैक्सीनेशन से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण में सुल्तानपुर जनपद को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके लिए उन्होंने अपने स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कोविड के प्रति सजगता के कारण ही आज हम कोविड से निजात पाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर में 12 से 14 वर्ष के एक लाख दो हजार 997 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
जिले में इसके पूर्व 18 उम्र से अधिक के 102 फीसदी को प्रथम व 85.8 फीसदी लोगो को दूसरी डोज दी जा चुकी है। वहीं 15-17 वर्ष आयु वर्ग के 98.3 फीसदी बच्चों को प्रथम व 72 फीसदी बच्चों को द्वितीय डोज दी गई है। कोविड टीकाकरण में सुलतानपुर जनपद को प्रदेश में चौथा स्थान मिला है।