शपथ ग्रहण से लौट रही महराजगंज की बस पलटी, 34 घायल

Share

गोरखपुर, 26 मार्च (हि.स.)। योगी आदित्यनाथ पार्ट टू के लखनऊ में आयोजित मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह से लौटते समय शुक्रवार की देर रात महराजगंज के कार्यकर्ताओं से भरी बस बस्ती जिले में पलट गई। हादसा सांड और कार सवार को बचाने के चक्कर मे होना बताया जा रहा है। हादसे में 34 बस सवार भाजपा कार्यकर्ता घायल हैं। इनका इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।

दरअसल, शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से शामिल होकर महराजगंज के कार्यकर्ता बस में सवार होकर लौट रहे थे। लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग पर बस्ती के रुदौली ही पहुंचे थे कि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही बस का सामने अचानक सांड आ गया। इसी दौरान एक कार सवार भी आ गया। इन्हें बचाने के चक्कर में कार्यकर्ताओं से भरी बस पलट गई और 34 कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली लाया गया, जहां 19 को सामान्य चोट होने से प्रारंभिक उपचार कर छोड़ दिया गया। जबकि 15 गंभीर रूप से घायलों को फैजाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, घटना की जानकारी होने पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह फैजाबाद पहुंच गए। वहां गंभीर रूप से घायलों को आठ एम्बुलेंस से गोरखपुर मेडिकल कालेज भिजवाया। गोरखपुर मेडिकल कालेज में सभी को भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है।

बोले विधायक

विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा है कि गोरखपुर मेडिकल कालेज में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। कार्यकर्ताओं के इलाज में कोई कमी नहीं होगी। बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य से इनके अच्छे इलाज के बावत भी हुई है।