ब्रजवासी और प्रदेश की जनता ने सुशासन का रंग घोला है, यूपी में विकास की होली होगी : श्रीकांत शर्मा

Share

– रिकॉर्ड तोड़ जीत पाने के बाद ऊर्जामंत्री बांकेबिहारी की शरण में पहुंचे, होली की दी शुभकामनाएं

मथुरा, 11 मार्च (हि.स.)। भाजपा की अभूतपूर्व सफलता के बाद मथुरा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा शुक्रवार को ठाकुर बांके बिहारी की शरण में पहुंचे। श्रीकांत शर्मा ने भगवान बांके बिहारी के दर्शन किये और पूजन अर्चन किया। मंदिर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ब्रजवासियों और प्रदेश की जनता ने सुशासन का रंग घोला है, विकास की होली होगी आप सभी को होली की शुभकामनाएं है।

शुक्रवार को श्रीकांत शर्मा बांके बिहारी की शरण में पहुंचे। श्रीकांत शर्मा अपनी जीत से उत्साहित नजर आए। श्री कांत शर्मा ने बांके बिहारी के दर्शन के दौरान पूजन अर्चन किया। इस दौरान मंदिर के सेवायतों ने उनको भगवान का प्रसादी अंग वस्त्र दिया और प्रसाद भेंट किया।

लगातार दूसरी बार मिली जीत के बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे श्री कांत शर्मा का भाजपा नेताओं ने जोशीला स्वागत किया। नगर अध्यक्ष विनीत शर्मा , युवा नेता अलौकिक शर्मा, प्रमेन्द्र गोस्वामी, घनश्याम जादौन, ज्ञानेंद्र गोस्वामी ,मुन्ना निषाद आदि ने श्री कांत शर्मा का दुपट्टा , माला पहनाकर स्वागत किया और जीत की बधाई दी। कार्यकर्ताओं के बधाई देने पर श्री कांत शर्मा ने उनसे कहा कि यह जीत उनकी नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की है। कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से मेहनत की उसी का नतीजा है कि जनता ने इतना बड़ा आशीर्वाद दिया।

गौरतलब हो कि प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री और मथुरा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री कांत शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप माथुर को करारी शिकस्त दी। श्री कांत शर्मा को विधानसभा चुनाव में 1 लाख 58 हजार 859 वोट मिले। जबकि प्रदीप माथुर को 49 हजार 56 मत मिले। श्री कांत शर्मा ने प्रदीप माथुर को एक लाख 9 हजार 803 मतों से हराया। श्री कांत शर्मा पहली बार 2017 में चुनाव मैदान में उतरे। इससे पहले वह भाजपा के दिल्ली केंद्रीय कार्यालय पर राष्ट्रीय राजनीति करते थे। अपने पैतृक जनपद मथुरा से चुनाव मैदान में उतरे श्री कांत शर्मा ने 2017 में प्रदीप माथुर को 1 लाख 1 हजार 161 मतों से हराया था। 2022 के चुनाव में श्री कांत शर्मा ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 1 लाख 9 हजार 803 मतों से जीत दर्ज की।