बागेश्वर में भाजयुमो ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का पुतला फूंका

Share

बागेश्वर, 25 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कश्मीरी पंडितों पर बनी फिल्म पर बेबुनियादी बयान दिए हैं, जिस पर उन्हें कड़ी आपत्ति है। उन्होंने बयानों को वापस लेने की मांग की।

शुक्रवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाल में रिलीज हुई द कश्मीर फाइल्स फिल्म पर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बेबुनियादी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचारों पर बनी फिल्मी का मजाक उड़ाया। इससे पूरे देश के युवाओं में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ जो कुछ हुआ था, वह निंदनीय है। एक फिल्मकार ने सच को लोगों के बीच रखा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने बयानों को वापस नहीं लिया तो भाजपा की ओर से पूरे देश भर में उनका बहिष्कार किया जाएगा।