मतगणना की तैयारी पूरी, मुस्तैद रहेंगे भाजपा कार्यकर्ता : धर्मेन्द्र सिंह

Share

गोरखपुर, 09 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गोरखपुर क्षेत्र के सभी 62 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। राजनैतिक दलों ने भी अपने स्तर से अपनी तैयारियां की हैं। काउंटिंग एजेंट की कार्यशालाएं भी हुईं हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी काउंटिंग से जुड़ी तैयारियों और एजेंटों को प्रशिक्षित करने का कार्य कर चुकी है।

इससे जुड़ी जानकारी साझा करते हुए भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र इकाई ने भी अपनी तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान काउंटिंग एजेंट मतगणना स्थल पर बने गणना टेबल पर रहेंगे, जबकि पार्टी की ओर से मतगणना स्थल के बाहर लगे पंडाल में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक मतगणना के दौरान मुस्तैदी के लिए गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं की बुधवार को कार्यशाला आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता जनार्दन का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। 10 मार्च को मतगणना के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह तय हो चुका है। विरोधी दल हताश और निराश हैं। भाजपा के पक्ष में परिणाम आने पर खुशी का इजहार करने के लिए सभी जिलों के भाजपा कार्यकर्ता मतगणना स्थल के बाहर कैंप में मुस्तैद रहेंगे।