– 25,485 वोटों से हराया था सपा प्रत्याशी को
औरैया, 15 मार्च (हि.स.)। विधायक बनने के बाद मंगलवार को पहली बार अजीतमल पहुंचे डॉ. मनोज प्रजापति का जनता महाविद्यालय के मंत्री सुनील कुमार दुबे के आवास पर जोरदार स्वागत किया गया।
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव पौथिया निवासी डॉ. मनोज कुमार प्रजापति औरैया के अजीतमल स्थित जनता महाविद्यालय में प्रोफेसर हैं। इनके पिता शिवचरण प्रजापति हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे हैं। साथ ही वह मायावती की सरकार में राज्यमंत्री भी बनाए गए थे।
शिवचरण प्रजापति ने वर्ष 2012 में टिकट न मिलने से नाराज होकर बीएसपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। वर्ष 2014 में सदर सीट के उपचुनाव में शिवचरण प्रजापति को अखिलेश यादव ने उम्मीदवार बनाया था और तत्कालीन कबीना मंत्री गायत्री प्रजापति ने उन्हें जीताने के लिए यहां चुनावी मैदान में पूरी ताकत लगाई थी।
लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी से टिकट न मिलने पर डॉ. मनोज प्रजापति ने पार्टी से बगावत कर दी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. मनोज प्रजापति को हमीरपुर सदर से प्रत्याशी बनाया और मनोज ने सपा प्रत्याशी राम प्रकाश को 25485 वोटों से हराकर जीत हासिल की। विधायक बनने के बाद पहली बार अजीतमल पहुंचे डॉ. मनोज प्रजापति का मंत्री सुनील कुमार दुबे के आवास पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भोला सिंह, प्राचार्य डॉ. शचीन्द्र मोहन शर्मा, डॉ. अरविंद दुबे, उपेंद्र त्रिपाठी, लेखाकार डॉ. गिरजेश सक्सेना, डॉ. श्रीप्रकाश, डॉ. योगेश साहू, डॉ. के पी सिंह, प्रबन्धसमिति के सदस्य वेदप्रकाश प्रेमी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यायक डॉ. मनोज प्रजापति ने बताया कि शिक्षा विभाग में सेवा के साथ-साथ पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक होने के चलते ही उनका रुझान राजनीति की ओर प्रेरित रहा।
वहीं, राजनीति में आकर देश केआने वाले कर्णधारों सहित देश हित के लिये सर्वोपरि करने का अवसर मिलता है। वह पूरा जीवन देश की उन्नति के लिये लगा देंगे। राजनीति से उन्हें नया जीवन मिला। भाजपा जैसी पार्टी में विधायक बनने का गौरव मिला। उन्होंने जिताने के लिए लोगों का आभार जताया।