गाजियाबाद, 10 मार्च (हि.स.)। जिले में सन् 2017 का इतिहास फिर से दोहराया गया। विधानसभा चुनाव-2022 के नतीजों में पांचों विधानसभाओं पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई। गाजियाबाद विधानसभा सीट पर प्रदेश के राज्यमंत्री अतुल गर्ग ,साहिबाबाद विधानसभा पर सुनील शर्मा, मुरादनगर विधानसभा पर भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी, मोदीनगर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी दमनजीत सिंह तथा लोनी पर भाजपा प्रत्याशी किशोर गुर्जर ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
गुरुवार की सुबह आठ बजे से अनाज मंडी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पांच विधानसभाओं की मतगणना शुरू हुई। 192 चक्रों में चली मतगणना के दौरान माहौल बदलता रहा। हालांकि मुरादनगर को छोड़कर बाकी चारों विधानसभाओं पर भाजपा प्रत्याशियों ने अपनी बढ़त बना ली थी।
मुरादनगर सीट पर प्रारंभिक चक्रों में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी से आगे चल रहे थे। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी वे पिछड़ते चले गए। अंतिम चक्र तक भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी ने सुरेंद्र मुन्नी को पछाड़ते हुये जीत हासिल कर ली।
गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने शुरू से बढ़त बनाये रखी। अंत तक जीत का अंतर काफी बढ़ा दिया। इसी प्रकार साहिबाबाद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने भी शुरू से ही बढ़त हासिल की और मतगणना समाप्त होते-होते रालोद बसपा गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा से जीत गये।
लोनी में भी कुछ देर के लिए कशमकश चली। भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर तथा सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया के बीच मुकाबला होता दिखा। कभी मदन भैया आगे रहे तो कभी नंदकिशोर गुर्जर। अंत में नंदकिशोर गुर्जर ने मदन भैया को पराजित कर दिया।
मोदीनगर में भाजपा प्रत्याशी मंजू शिवाच शुरू से ही सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी सुदेश शर्मा पर बढ़त बनाए रखी और अंत में चुनाव जीत गए।
हालांकि भाजपा का पहले भी दावा था कि वह पांचों सीटों पर विजय हासिल करेगी, लेकिन राजनीतिक पंडितों को उम्मीद थी कि गाजियाबाद और साहिबाबाद को छोड़कर बाकी तीन सीटों पर भाजपा कमजोर है। लेकिन मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा को पांच सीटें मिल गई, जिससे भाजपा समर्थकों में बेहद उत्साह दिखाई दे रही है।