-वाराणसी में आठों सीट सहित प्रदेश में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर कार्यकर्ता गदगद, जमकर अबीर गुलाल उड़ाया
वाराणसी, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वाराणसी की आठों विधानसभा सीट पर दूसरी बार क्लीन स्वीप किया है। वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में भाजपा के शानदार प्रदर्शन प्रचंड ऐतिहासिक जीत पर पार्टी कार्यकर्ता गदगद है। गुरुवार शाम गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय के नीचे जुटे कार्यकर्ताओं ने काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव के अगुवाई में जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े की थाप पर थिरकने के साथ आतिशबाजी की और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर गले मिलकर बधाई दे रहे थे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को दो तिहाई सीटों पर मिली जीत ने यह साबित कर दिया है कि जात पात और परिवार वाद की राजनीति करने वाली पार्टियों को जनता ने नकार दिया है। प्रदेश में सुशासन एवं विकास के कीर्तिमान स्थापित करने वाली भाजपा को 24 करोड़ प्रदेश वासियों ने अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गरीबों, शोषितों, पीड़ितों एवं वंचितों को बिना किसी भेद भाव के सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया। गुंडों और माफियाओं को संरक्षण देने वाली सपा सरकार को जनता ने सिरे से खारिज कर भाजपा में अपना विश्वास जताया।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश की 24 करोड़ जनता को इस जीत के लिए बधाई भी दी। इस दौरान धर्मेंद्र सिंह, राकेश शर्मा, अशोक तिवारी, सुदामा पटेल, प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, नम्रता चौरसिया, कुसुम पटेल, विजय गुप्ता, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह आदि भी मौजूद रहे।