(प्रोफाइल) राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख

Share

मेरठ, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी-2 सरकार में राज्यमंत्री बनाए गए बलदेव सिंह ओलख रामपुर जिले की बिलासपुर सीट के विधायक हैं। सिख समाज से आने वाले बलदेव सिंह इससे पहले योगी-1 सरकार में भी राज्यमंत्री थे।

रामपुर जिले के बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से सरदार बलदेव सिंह ओलख दूसरी बार विधायक बने हैं। इससे पहले 2017 में बलदेव सिंह ओलख बिलासपुर से भारी मतों से जीते थे। योगी-1 सरकार में बलदेव सिंह को जलशक्ति राज्यमंत्री बनाया गया था। उनको सिख समाज को साधने का जिम्मा दिया गया था। इस बार बिलासपुर से जीत हासिल करने में बलदेव सिंह को पसीने छूट गए थे। लगातार दूसरी बार विधायक बनने वाले बलदेव को राज्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से कठिन रामपुर जिले में दूसरी बार कमल खिलाने का इनाम बलदेव सिंह को मिला है। इससे पहले बलदेव सिंह ने भाजपा संगठन में भी कार्य किया और दो बार रामपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। उनके राज्यमंत्री बनने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।