अवनी लेखारा ने मीट द चैंपियंस अभियान के तहत दृष्टिबाधित छात्रों को किया संबोधित

Share

नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। पैरालिंपिक में भारत की पहली महिला डबल पदक विजेता,अवनी लेखारा ने अनूठे स्कूल-विजिट अभियान, मीट द चैंपियंस के दौरान दृष्टिबाधित छात्रों के एक समूह को संबोधित किया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के शहीद हेमू कलानी सर्वोदय बाल विद्यालय में सोमवार को आयोजित किया गया था।

लेखारा ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, “लोगों की हास्यास्पद टिप्पणियों और आलोचनाओं के सामने आने की बहुत संभावना है। वे सोच सकते हैं कि आप कुछ हासिल नहीं कर सकते जो आप चाहते हैं, लेकिन अगर आप इसे हासिल करते हैं, तो आप एक दिन उत्कृष्ट होंगे और आपके आलोचक भी इसे देखेंगे।”

विभिन्न दिलचस्प किस्सों, वीडियो और सवालों के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए 20 वर्षीय अवनी ने डाइट, फिटनेस रूटीन और पढ़ाई से जुड़ी अपनी बचपन की यादें साझा कीं।

अवनी ने कहा, “फास्ट फूड मेरा पसंदीदा रहा है। लेकिन एक बार जब मैंने संतुलित आहार लेना शुरू किया तो मुझे एहसास हुआ कि मैं अधिक ऊर्जावान महसूस कर रही हूं और मेरा खेल बेहतर हो गया है। यदि आप अच्छा खाते हैं, चाहे आप कुछ भी करें, चाहे आप खेल खेलें या अध्ययन करें तो आप इसे बेहतर तरीके से करेंगे और आपका मन भी प्रसन्न रहेगा।”

उन्होंने जीवन में सहायक मित्रों और माता-पिता के महत्व पर भी जोर दिया और कहा, “जब आपके पास अच्छे दोस्त और सहायक माता-पिता होते हैं, तो जीवन की चुनौतियों को दूर करना और लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है। छात्रों के रूप में,एक दूसरे का समर्थन करना आपका कर्तव्य है। अपने आस-पास के लोगों का मज़ाक न उड़ाएँ अगर वे किसी चीज़ में कमज़ोर हैं, बल्कि उनकी मदद करें।”

अवनी ने वह राइफल भी साथ रखा था, जिसकी बदौलत उन्होंने पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा था, उन्होंने कार्यक्रम के दौरान राइफल के कार्यों और तकनीकी के बारे में भी बताया।

बता दें कि स्कूल-विजिट अभियान, मीट द चैंपियंस की यह अनूठी पहल युवा मामले और खेल मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है और यह सरकार के ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का हिस्सा है।