यमुना तट पर स्थित अंत्येष्टि स्थलों पर चला 129वें चरण का सफाई अभियान

Share

सोलर लाइट से होगा यमुना तट रोशन, जनहित में यातायात संचेतना कार्यक्रम का होगा शुभारंभ

औरैया, 13 मार्च (हि.स.)। विचित्र पहल सेवा समिति औरैया द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र यमुना तट के सौंदर्यीकरण हेतु विगत 07 वर्षों से अनवरत अंत्येष्टि स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा हैं।

जिसके अंतर्गत रविवार को अंत्येष्टि स्थलों पर 129वें चरण का सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात प्रभारी के.के. मिश्रा ने भी यमुना मैया के चरणों में श्रमदान किया। समिति के सदस्यों द्वारा सफाई यंत्रों के सहयोग से लगभग 3 कुंतल कचरा व अपशिष्ट एकत्रित कर आग द्वारा नष्ट किया गया।

समिति के संस्थापक ने बताया कि सफाई अभियान के 129वें चरणों में लगभग 48 टन अपशिष्ट कचरा यमुना नदी में जाने से रोका गया। अभियान के उपरांत यमुना तट पर स्थित राम झरोखा में आवश्यक बैठक का आयोजन किया, जिसमें यमुना तट पर सोलर लाइट लगवाने पर विचार विमर्श किया गया।

बैठक में समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि यमुना तट पर शहरी व आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के दिवंगत लोगों की लगभग 10 अंत्येष्टियां प्रतिदिन होती हैं।

गौरतलब है कि, वाहन दुर्घटनाओं या पोस्टमार्टम हुये शवों की अंत्येष्टियां कभी-कभी अंधेरा होने तक यमुना तट पर होती हैं। वहां पर सोलर लाइट लगने से अंत्येष्टि में गए हुए लोगों को रोशनी होने पर काफी सहूलियत मिलेगी। बैठक में मौजूद कस्बा खानपुर ग्राम प्रधान शफीक खां ने बताया कि इसी सप्ताह होली पर्व से पूर्व यमुना तट को सोलर लाइट से रोशन किया जाएगा।

यातायात प्रभारी के.के. मिश्रा ने बैठक में बताया कि यातायात पुलिस प्रशासन के सौजन्य से शहर के विभिन्न रिहायशी स्थानों पर समिति के सहयोग से यातायात संचेतना कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसके अंतर्गत लोगों को आए दिन होने वाली वाहन दुर्घटनाओं के विषय में जानकारी प्रदान कर जागरूक किया जाएगा। बैठक के समापन पर होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए अंत्येष्टि स्थलों की प्रतिदिन सफाई करने वाले सफाई कर्मी रज्जन बाल्मिक को यमुना घाट सेवा समिति के सक्रिय सदस्य हरमिंदर सिंह कोहली ने 2000 हजार रूपये मासिक वेतन प्रदान किया।

अभियान व बैठक में प्रमुख रूप से बैंक द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारी शेखर गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, राकेश गुप्ता, हेलमेट बाबा रमेश प्रजापति, सभासद छैया त्रिपाठी, रानू पोरवाल, मनीष पुरवार (हीरू), अर्पित दुबे एडवोकेट, यातायात प्रहरी कमलेश कुमार, हर्ष गुप्ता, जूनियर शाखा अनमोल के अध्यक्ष शिक्षक शिवम गुप्ता, अर्पित गुप्ता, अजय पोरवाल आनन्द गुप्ता (डाबर), आदित्य पोरवाल, सतीश पोरवाल, सभासद पंकज मिश्रा, सक्सेना, रज्जन बाल्मीक आदि यमुना मैया के सेवादार मौजूद रहे।