औरैया, 26 मार्च (हि.स.)। चंबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित चंबल क्रिकेट लीग का तीसरा दिन रोमांचक रहा। रामपुरा तला टोला ने बंगरा टीम को बेहतरीन प्रदर्शन कर हरा दिया। वहीं, शिक्षक क्लब और धाकेपुरा के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। शिक्षक क्लब की टीम से धाकेपुरा की टीम सिर्फ दो रन से पीछे रह गई और शिक्षक क्लब ने जीत दर्ज कर ली। इस दूसरे मैच में आखिरी समय तक लोगों की धड़कनें बढ़ती रहीं।
चंबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित हो रही क्रिकेट लीग में तीसरे दिन दो मैच हुकुमपुरा ग्राउंड पर खेले गए गया। 12-12 ओवर के मैच हुए। पहला मैच रामपुरा तला टोला और बंगरा टीम के बीच खेला गया। बंगरा टीम ने टास जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया। रामपुरा तला टोला टीम 11.5 ओवर में 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रामपुरा तला टोला टीम की तरफ से अजय सिंह ने 3 छक्के और 2 चौके की मदद से सर्वाधिक 30 रन बनाए।
जवाब में बंगरा टीम ने 12 ओवर मे 7 विकेट गंवाकर 80 रन ही बना पाई और मैच हार गई।बंगरा के नीतेश ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। बंगरा टीम के विमल ने 3 विकेट लिए। रामपुरा तला टोला टीम के अजय सिंह को मैन ऑफ द मैच दिया गया। अजय सिंह को ट्राफी आयोजन समिति की तरफ से मलखान दोहरे और राजा सिंह परिहार ने प्रदान की।
बेहद रोमांचक रहा दूसरा मैच
दूसरा मैच भिंड जनपद की धाकेपुरा टीम और शिक्षक क्लब, जालौन के बीच मैच खेला गया। धाकेपुरा टीम ने टास जीतकर फील्डिंग का निर्णय लिया। बैटिंग करते हुए शिक्षक क्लब ने 12 ओवर में 113 रन बनाए। शिक्षक क्लब की तरफ से गोलू मास्टर ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। धाकेपुरा के उमेश ने 3 विकेट लिए। धाकेपुरा टीम ने भी जबरदस्त खेल दिखाया और लक्ष्य का पीछा करते हुए 112 रन बनाये और बस महज 2 रन से जीत से पीछे रह गई। धाकेपुरा टीम की तरफ से उमेश ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। शिक्षक क्लब के अख्तर ने 4 विकेट लिया। मैन आफ द मैच ट्राफी चंबल क्रिकेट लीग आयोजन समिति की तरफ से अख्तर को दी गई।