देहरादून, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल ने गुरुवार 24 मार्च को संसदीय अनुभाग के माध्यम से अध्यक्ष विधानसभा के निर्वाचन के लिए 26 मार्च की तिथि निर्धारित की है जो सभा मंडप विधानसभा देहरादून में होगी। कार्यकारी मुकेश सिंघल की ओर से जारी इस प्रेस नोट में कहा गया है कि 11 बजे तक के बाद अध्यक्ष का नामांकन प्रारंभ होगा और निर्वाचन होगा।
ऋतु खंडूरी भूषण राज्य की पांचवीं विधानसभा में अध्यक्ष के रूप में आसीन होंगी। ऋतु खंडूरी भूषण पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेनि.) भुवनचंद्र खंडूरी की पुत्री हैं। वह दूसरी बार कोटद्वार से विधानसभा के लिए निर्वाचित हुईं। ऋतु खंडूरी भूषण चौथी विधानसभा में पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर सीट से विधायक बनी थीं। इस बार उन्हें कोटद्वार से उम्मीदवार बनाया गया था। ऋतु खंडूरी भूषण ने दूसरी बार कोटद्वार से जीत दर्ज की है और उनका नाम मुख्यमंत्री तक के लिए चलाया गया, लेकिन मंत्रिमंडल में जब उनका नाम नहीं आया तो आभास लगने लगा था कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। इस संदर्भ में ऋतु खंडूरी भूषण ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ होने पर नामांकन करेंगी। ऋतु खंडूरी भूषण के पति केन्द्र में स्वास्थ्य सचिव हैं जबकि कैबिनेट में शामिल सौरभ बहुगुणा ऋतु खंडूरी भूषण रिश्ते में भाई लगते हैं।