लखनऊ, 11 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय पर नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की।
अनुप्रिया पटेल ने नवनिर्वाचित विधायकों को अपने संसदीय अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वे अपने वक्तव्य एवं व्यवहार से विधानसभा के सदन में पार्टी का नाम एवं पार्टी की नीतियों को मजबूती से रखें। उन्होंने सभी विधायकों को बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा करने एवं अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में सदैव सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
इसके पहले नवनिर्वाचित सभी विधायकों को एक समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे पूरे पांच साल तक अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहें और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्ग, जाति के लोगों से संबंधित समस्याओं को दूरे करने का कार्य करें। उन्होंने सभी विधायकों से एकजुटता दिखाते हुए सदन में गरीब, आदिवासी, दलित, किसान व पिछड़ों की समस्याओं को मजबूती से रखने को कहा। उन्होंने कहा कि विधायक की सक्रियता पूरे पांच साल तक सदन में दिखनी चाहिए, तभी उनके विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य होंगे।
केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि ये हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, खून-पसीना बहाने का नतीजा है कि आज 27 साल बाद हमारी पार्टी प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कस लेने का आह्वान किया।
पार्टी की सभी कमेटियां भंग
इस मौके पर अनुप्रिया पटेल ने पार्टी की सभी कमेटियों को भंग करने की घोषणा की। नई कमेटी के गठन की घोषणा अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक की जाएगी।
बैठक में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य आशीष पटेल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, प्रदेश अध्यक्ष डॉ.जमुना प्रसाद सरोज, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान विधायक राजकुमार पाल, निवनिर्वाचित विधायक रामनिवास वर्मा, निवर्तमान कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी एवं विधायक डॉ.वाचस्पति उपस्थित थे।