विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में होगी 44वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक हैंडबाल चैंपियनशिप
लखनऊ, 27 मार्च (हि.स.)। विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में होने वाली 44वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए चयनित उत्तर प्रदेश की जूनियर बालक हैंडबाल टीम का कप्तान देवरिया जिले के अमरमणि त्रिपाठी को बनाया गया है। टीम की घोषणा केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चल रहे प्रशिक्षण शिविर की समाप्ति के बाद की गई। वहीं टीम के कोच इरफान होंगे।
उत्तर प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ सुधीर एम. बोब्डे (आईएएस) व महासचिव डॉ आनन्देश्वर पाण्डेय ने टीम को आगामी चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। डॉ आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि विजयवाड़ा में 31 मार्च से पांच अप्रैल तक होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की तैयारियों को देखते हुए पूरा विश्वास है कि टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। टीम सोमवार को रवाना होगी। उत्तर प्रदेश की टीम 2020 में छत्तीसगढ़ में हुई पिछली चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता रही थी।
उत्तर प्रदेश की चयनित टीम
यूपी की टीम में गोलकीपर : अमर मणि त्रिपाठी-कप्तान (देवरिया), विजय यादव (अयोध्या), प्रदीप (लखनऊ)
राइट बैक : उपेंद्र (लखनऊ), शशि शंकर मिश्रा (देवरिया), अमान (सहारनपुर)
सेंटर बैक : सुमित (सुल्तानपुर), शुभम सिंह (लखनऊ)
लेफ्ट बैक : निहाल (अयोध्या), हरिनाथ (आजमगढ़), सुरजीत (बस्ती)
राइट विंग : प्रदीप भारद्वाज (आजमगढ़), रजनीश कुमार (अयोध्या)
लेफ्ट विंग : कार्तिक-उपकप्तान (गोरखपुर), रोहन (लखनऊ),दिनेश (वाराणसी)
पिवोट : अमन भारती (लखनऊ), रजनीश यादव (वाराणसी),
टीम कोच: मो. इरफान
मैनेजर : विवेक शुक्ला को शामिल किया गया है।