नकल कराने वालों पर रासुका के तहत होगी कार्यवाही

Share

संवेदनशील जनपदों में एसटीएफ की होगी पैनी नजर

लखनऊ, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी जिलाधिकारियों को बोर्ड परीक्षा 2022 नकल विहीन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव ने कहा कि संगठित रूप से नकल कराने वालों पर रासुका के तहत कार्यवाही होगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।

मुख्य सचिव ने वर्ष 2022 की उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से मंगलवार को प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रश्न पत्रों के पहुंचने से पूर्व ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए उन्हें जनपद मुख्यालय में सुरक्षित स्थान पर पुलिस अभिरक्षा में रखवाया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्रों का वितरण जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी की निगरानी में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पुलिस अभिरक्षा में कराया जाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि समस्त परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की अवधि में पर्याप्त सशस्त्र सुरक्षा बल उपलब्ध रहे।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि नकल विहीन परीक्षा कराने हेतु जनपद में जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर लिए जाये, जो परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण तथा पर्यवेक्षण करें। संगठित रूप से नकल कराने वालों पर रा0सु0का0 के तहत तत्काल कार्यवाही की जाये। अफवाह फैलाने वालों पर विशेष ध्यान रखा जाये तथा उन पर सख्त कार्यवाही की जाये। संवेदनशील केन्द्रों पर एसटीएफ द्वारा नजर रखी जाये। मुख्य सचिव द्वारा यह भी अपेक्षा की गयी कि समस्त जिलाधिकारी नकल विहीन व शान्तिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु सम्बंधित अधिकारियों की बैठक शीघ्र कर लें तथा टीम बनाकर परीक्षा केन्द्रों की आधारभूत सुविधाओं का शत प्रतिशत स्थलीय निरीक्षण करा लें।

अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में 8,373 परीक्षा केन्द्रों पर 51,92,689 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। प्रश्न पत्रों को रखने की व्यवस्था डबल लाक युक्त अलमारी में किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी तथा राउटर स्थापित किया गया है। परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा।