रेडक्रॉस सोसाइटी ने 832 टीबी रोगियों को लिया गोद, डीएम की पहल

Share

-पोषण पोटली वितरण योजना का किया शुभारम्भ

वाराणसी, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व क्षय दिवस पर गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने मानवीय पहल करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित जिला राइफल क्लब के सभागार में क्षय रोगियों के मदद के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेने की मुहीम की शुरुआत की। दिवस पर रेडक्रॉस की तरफ से 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरित किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस नई योजना के तहत जिले के सभी लगभग 2200 एक्टिव टीबी रोगियों को डॉट्स योजना के तहत मुफ्त दवा के साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए उन्हें रेडक्रॉस सोसाइटी सहित अन्य संस्थाओं से पोषण पोटली दी जाएगी।

रेडक्रॉस सचिव डॉ संजय राय ने बताया कि जिलाधिकारी की पहल पर गोद लिए गए सभी टीबी रोगियों को पोषण पोटली दी जा रही है, जिसमें स्वास्थ्यवर्धक पौष्टिक भोज्य सामग्री चना, लाई, गुड़, दलिया, मूंगफली, मिल्क बिस्कुट आदि है।