मेरठ, 24 मार्च (हि.स.)। प्रचंड जीत के साथ शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ उप्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए मेरठ से 800 भाजपा कार्यकर्ता लखनऊ जा रहे हैं।
शपथ ग्रहण में शामिल होने वालों को जिला प्रशासन मेरठ की ओर से प्रवेश पास जारी किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह ने बताया कि भाजपा संगठन से प्राप्त सूची के अनुसार मेरठ से लगभग 800 लोग लखनऊ में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। प्रत्येक व्यक्ति का फोटो युक्त प्रवेश पास जारी किया गया है। इसके साथ ही दस बसों और 100 चार पहिया वाहनों के पास भी जारी किए गए हैं। नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा सचिवालय ने आमंत्रित किया है।
जिला प्रशासन के माध्यम से ही विधायकों की ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में जाने वालों के प्रवेश पास जारी कर दिए गए हैं।