गोपेश्वर, 25 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले के ग्वालदम स्थित एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर 506 नए आरक्षियों को देश की रक्षा की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान पासिंग आउट परेड का निरीक्षण बतौर मुख्य अतिथि एसएसबी के उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने किया। उप महानिरीक्षक ने सभी आरक्षियों को देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रशिक्षु से आरक्षी बने जवानों एवं दीक्षांत समारोह में शिरकत कर रहे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एसएसबी की स्थापना 1963 में देश की बाहरी सुरक्षा के साथ ही आंतरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के लिए की गई थी। 2001 में भारत-नेपाल एवं 2004 में भारत-भूटान की खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा की चौकसी का जिम्मा एसएसबी को सौंपा गया। जिसका बल बखूबी निर्वहन भी कर रहा है। इसके अलावा एसएसबी की ओर से नक्सल प्रभावित बिहार, छत्तीसगढ़ एवं झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ कई बड़े अभियानों को बखूबी अंजाम देते हुए इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि एसएसबी की स्थापना के बाद से ही काफी अधिक गौरवशाली कार्य किए गए हैं जो कि इतिहास में दर्ज हो चुके हैं।
उप महानिरीक्षक ने प्रशिक्षण के दौरान युद्धाभ्यास, जंगल युद्धकला, सामूहिक व्यायाम एवं अन्य विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।