गाजियाबाद, 13मार्च (हि.स.)। डासना रेलवे ट्रैक के पास रविवार को सेल्फी ले रहे दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। दोनों ही युवक मेरठ के भवी गांव से डासना में बारात में आए थे और युवक खाना खाकर रेलवे ट्रैक के पास घूमने गए थे । जैसे ही यह खबर बारात में पहुंची तो बारात में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटनाक्रम के अनुसार मेरठ जनपद के भावी गांव से एक बारात डासना के एमएलए फार्म हाउस में आई थी। बारात में आये दो युवक 19 वर्षीय समीर पुत्र गफ्फार और साहबान पुत्र अलीमुद्दीन खाना खाकर रेलवे ट्रैक के पास टहलने गए थे। तभी उन्होंने आती हुई ट्रेन को देखकर सेल्फी खींचने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर एक और ट्रेन के आ जाने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह खबर बारात को लगी तो बारात में आये लोगों हाहाकार मच गया ।
इस मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डासना नगर नगर पंचायत चेयरमैन पति हाजी आरिफ ने मृतकों के परिजनों का ढाढस बंधाया।