नैनीताल :- जिला-मंडल मुख्यालय में अक्टूबर में आई जल प्रलय में नगर का आल्मा काटेज-बिड़ला मार्ग पूरी तरह धराशायी हो गया था। तब से करीब दो माह बीतने के बाद भी इस मार्ग की मरम्मत के लिए कोई कार्य नहीं किया गया है। इस कारण इस मार्ग से केवल दोपहिया वाहन ही जा पा रहे हैं। कोई भी राजनीतिक दल उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा।
इससे गुस्साये नगर के स्नोभ्यू वार्ड के वासियों ने स्थानीय सभासद पुष्कर बोरा व सामाजिक कार्यकर्ता खुशाल रावत के नेतृत्व में ‘रोड नही तो वोट नही’ व ‘क्षेत्रवासियों ने ठाना है वोट देने नही जाना है’ के साथ ही जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद व लोनिवि के विरुद्ध ‘हाय-हाय’ के नारे लगाये। क्षेत्रवासियों ने कहा कि मजबूर होकर उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है। अगर शासन-प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं कराया गया तो आमरण अनशन, से लेकर किसी भी आंदोलन करने के लिए तैयार रहेगें। धरना प्रदर्शन में वीरेंद्र बिष्ट, रमेश चंद्र, हरीश बिष्ट, पंकज, मदन बोरा, निर्मल तिवारी, चंदन बोरा, गोपाल बोरा, गिरीश बिष्ट सहित अन्य क्षेत्र वासी शामिल रहे।