देहरादून :- हाल ही में भाजपा में शामिल दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत के छोटे भाई कर्नल विजय रावत (सेवानिवृत्त) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास विजन और भाजपा के राष्ट्रवादी कार्य से प्रभावित होकर पहले देश और अब भाजपा में शामिल होकर सेवा के लिए आया हूं।
शहर के रिस्पना स्थित एक होटल में भाजपा चुनाव मीडिया सेंटर में कर्नल विजय रावत (सेवानिवृत्त) ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 34 सालों तक एक ही सोच के साथ पहले देश की सेवा की है। अब भाजपा ने मौका दिया है। इसलिए अब भाजपा की सेवा करनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन एक साल का नहीं 50 और 100 सालों का है। इस कार्य में योगदान देने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।
कर्नल रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए-नए सैनिक साजो सामान को आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जो काम पिछले 60 सालों में नहीं वह काम अब हो रहा है।
भारत देश की चौथी बेहतर आर्मी है। सरकार सैनिकों का गौरव को कायम रखने में हर बेहतर निर्णय के लिए तैयार है। केन्द्र सरकार सैनिकों को पेंशन से लेकर हर अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर त्वरित कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि चाहे लंबित वन रैंक वन पेंशन का लाभ पूर्व सैनिकों को दिलाने की बात हो,भारतीय सेना के आधुनिक तकनीक के साथ-साथ राफेल जैसे अत्याधुनिक विमान से बेड़े को लैस करना सुरक्षा को मजबूत का सशक्त विजन है।
कर्नल विजय ने कहा कि दशकों से मोदी ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की जरूरत को समझा है। एक समय ऐसा था,सेना के अधिकारियों को सीमा पर तत्काल दुश्मन का जवाब देने के लिए भी दिल्ली की और देखना और लंबे सतय के लिए इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हे मुंह तोड़ जवाब देने का पूरा अधिकार मिला हुआ है।
महिलाओं को बराबरी का अधिकार-
कर्नल विजय रावत ने कहा कि सेना में महिलाओं को बराबरी का अधिकार देते हुए स्थायी कमीशन के साथ महिलाओं की भर्ती बढ़ाई गई। हमारा प्रदेश दो-दो सीमावर्ती देशों से लगा हुआ है। ऐसे में अपनी सीमाओं की मजबूती के लिए भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत सड़कों का विस्तार किया गया है। देश में शहीदों को सही सम्मान देने का काम भी कारगिल युद्ध के समय से ही अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने शुरू किया।
स्वास्थ्य कारणों से नहीं रहे सक्रिय
कर्नल विजय रावत ने एक सवाल पर कहा कि वह 2016 से लेकर 2018 तक स्वास्थ्य कारणों से समाज में कार्य करने में अक्षम रहे। इसके बाद कोरोना की बंदिशें भी बाधा बनी। लेकिन अब राजनीति के माध्यम से प्रदेशवासियों और देश की सेवा के लिए वह तत्पर हैं। उन्होंने एक और सवाल पर कहा कि फौजी फल नहीं देखता है। सत्ता,पावर नहीं बल्कि देश की तरक्की और उन्नति के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।
इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों, उत्तराखण्ड की जनता से विनम्र आग्रह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने के कार्य देश का मान सम्मान बढ़ाने वाले हैं। इसलिए समय की मांग है कि प्रदेश को विकास, सुरक्षा और समृद्धि देने के लिए चुनाव में भाजपा के लिए आगे आने की अपील की।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सुरेश जोशी,बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, राजीव तलवार,अजीत नेगी,हरीश चमोली मौजूद रहे।