देहरादून :- पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के ‘अबकी बार 60 पार’ की अपील पर मुहर लगाने वाली है।
शुक्रवार को बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से हल्द्वानी में आयोजित वर्चुअल पत्रकार सम्मेलन को हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पाेखरियाल निशंक ने संबोधित किया। निशंक को हल्द्वानी जाना था, लेकिन मौसम खराब होने के चलते वे पहुंच नहीं सके।
सांसद निशंक ने कहा कि अविभाजित उत्तरप्रदेश के कार्यकाल में ही भाजपा राज्य निर्माण को लेकर भावना और प्रयास के तहत ही उत्तरांचल को अलग प्रदेश संगठन का दर्जा दे दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से राज्य बनाने के लिए किए संघर्ष और उनकी पार्टी की सरकारों के विकास कार्यों को जनता हमेशा याद रखेगी। कांग्रेस पार्टी की राज्य निर्माण विरोधी सोच और उनकी सरकारों के कुशासन को जनता देखा और समझा है। कांग्रेस हमेशा हमेशा पृथक राज्य का विरोध किया।
पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि उत्तराखंड के सच्चे सपूत तो अटल जी थे जिन्होने राज्य की जनता के सम्मान में राज्य देने के साथ-साथ यहां के विकास के लिए विशेष पैकेज भी दिया।कांग्रेस की सरकारों ने तो सूबे के लिए न कोई विकास का कार्य किया बल्कि विशेष राज्य की सौगात को भी मनमोहन सरकार में तय अविधि से पहले ही वापस ले लिया।
कांग्रेस सरकार में गिड़गिड़ाना पड़ता था-
निशंक ने अपने मुख्यमंत्री काल के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि 100-200 करोड़ की योजनाओं के लिए भी उन्हे केंद्र की कांग्रेस सरकार के सामने गिड़गिड़ाना पड़ता था। आज डबल इंजन की सरकार में एक लाख करोड़ की योजनाएं राज्य के लिए स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश से लेकर प्रदेश में विकास को गति दी है। उत्तराखंड अपने 25 वें साल में प्रवेश के साथ देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा। निश्चित ही यह दशक उत्तराखंड का होगा।
सैनिक प्रेमी का स्वांग रच रही कांग्रेस-
निशंक ने कहा कि आज कांग्रेस चुनाव नजदीक देख सैनिक प्रेमी होन का झूठी स्वांग रच रही है। पहले कांग्रेस नेता जनरल बिपिन रावत को गुंडे शब्द कहा करते थे और आज उनका सैनिक प्रेम बनावटी दिख रहा है। कांग्रेस नेता हमेशा सेना के साहस और सर्जीकल स्ट्राइक को मजाक उड़ाया है।
डबल इंजन सरकार में विकास धरातल पर
निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने और उनके मार्गदर्शन में चल रही प्रदेश की भाजपा सरकार ने जो कहा था वो किया है और अब जो कह रही है उसे भी अवश्य पूरा करेगी। केन्द्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का ब्यौरा रखा। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में विकास धरातल पर उतरे हैं।
उत्तराखंड की जनता देशभक्त-
सांसद निशंक ने कहा कि सैनिक बहुल उत्तराखंड की जनता देशभक्त है। वह नहीं भूल सकती कि उसके एक वोट से आज़ादी के समय से कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग पूरी हुई, एक वोट से पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक हुई, एक वोट से सैकड़ों वर्ष पुरानी राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ी श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग पूरी हुई, एक वोट से तीन तलाक पर रोक लगी और मुस्लिम बहिनों को न्याय मिला। ऐसा और भी बहुत कुछ है जिससे साबित होता है कि भाजपा सरकार विकास की सरकार है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार,राजेन्द्र भण्डारी,पुनीत मित्तल,कौस्तुभानन्द जोशी, अजीत नेगी पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।