नैनीताल :- सरोवर नगरी में बुधवार को मौसम विभाग की भविष्यवाणी को सही साबित करते हुए हुई बारिश का सिलसिला रात्रि दो-तीन बजे तक चला। इसके बाद रात्रि में ही आसमान साफ हो गया और पाला भी गिरा। जबकि गुरुवार सुबह धूप निकली, लेकिन जल्द ही घिरकर आए बादलों ने आसमान पर अपना साम्राज्य फैला दिया। दोपहर बाद तीन बजे से फिर सूर्यदेव के दर्शन हुए और हल्की धूप भी खिली,लेकिन आगे बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार नगर में बीते 24 घंटों में 22.5 मिलीमीटर बारिश हुई और तापमान न्यूनतम 4.5 डिग्री व अधिकतम 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। मौसम विभाग अगले कुछ दिन भी बर्फबारी की संभावना जता रहा है। इधर नगर में बर्फबारी की संभावना में क्रिसमस के बाद से ही सैलानियों की अच्छी संख्या में मौजूदगी बनी हुई है। सैलानी कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बावजूद मास्क पहनने सहित बिल्कुल भी एहतियात बरतते नजर नहीं आ रहे हैं।