हरिद्वार :- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार से 18 दिसंबर को विजय संकल्प यात्रा का शंखनाद करेंगे। यह जानकारी कौशिक ने पार्टी विधानसभा हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित एक बैठक में दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने बताया कि आगामी 18 दिसंबर को दोपहर एक बजे पंतदीप मैदान से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विजय संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके पश्चात यह यात्रा चार दिनों तक हरिद्वार जनपद की सभी विधानसभाओं में जाएगी। तत्पश्चात यात्रा गढ़वाल की अन्य विधानसभाओं में जाएगी।
उन्होंने बताया कि कुमाऊं में विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। यात्रा के उत्तराखंड प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने बताया कि 17 दिसंबर को अपराह्न 3 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा हरकी पौड़ी पर गढ़वाल और कुमाऊं में जाने वाले विजय संकल्प रथांे का गंगा पूजन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने बताया कि 15 दिसंबर को हरिद्वार जनपद की सभी विधानसभाओं की तैयारी बैठकर की जाएंगी। इनको भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विजय संकल्प यात्रा के गढ़वाल संभाग के संयोजक वीरेंद्र सिंह बिष्ट का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि यह यात्रा 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का मार्ग प्रशस्त करेगी। बैठक की अध्यक्षता मध्य हरिद्वार मंडल अध्यक्ष राज कुमार अरोड़ा और संचालन भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी ने किया।
बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, मयंक गुप्ता, डॉ विनोद आर्य, कामिनी सडाना, डॉक्टर विशाल गर्ग, सुभाष चंद्र, डॉ प्रेमचंद शास्त्री, अनिल मिश्रा, विदित शर्मा आदि उपस्थित रहे।