राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर भावपूर्ण स्मरण किया। राज्यपाल ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के एक महान नेता थे।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड राज्य गठन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण थी, जिसके लिए देवभूमि उत्तराखण्ड की जनता उन्हें सदैव याद करती रहेगी। उनका पूरा जीवन निर्धनों एवं वंचितों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके प्रधानमंत्रित्व काल में देश ने प्रगति के नये आयाम प्राप्त किये।
राज्यपाल ने कहा कि प्रतिवर्ष उनकी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। आम जनमानस को सरकार की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, यही संकल्प सुशासन दिवस के अवसर पर हम सभी को लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे विश्व के महानतम राजनेताओं में से एक थे। उनके लिए राष्ट्रहित ही सर्वोपरि था। वे अपनी दूरगामी सोच के लिए भी जाने जाते थे। वे वक्ता के रूप में अद्वितीय थे। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।