उत्तराखंड को आयुष क्षेत्र में विकास के लिए केन्द्र देगा एक लाख करोड़ की मदद : सर्वानन्द सोनोवाल

Share

हरिद्वार :- केंद्रीय पोत परिवहन, जलमार्ग और आयुष मंत्री सर्वानन्द सोनोवाल ने कहा कि भारत सरकार, उत्तराखंड को आयुष क्षेत्र के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये की सहायता देगा। साथ ही राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत उत्तराखंड में 10 बेड का आयुष हॉस्पिटल स्थापित किया जायेगा। इस देवभूमि को महत्वपूर्ण प्रदेश के रूप में विकसित करेंगे। सोनोवाल ने आज यहां अलकनन्दा घाट पर आयुष और आयुष शिक्षा विभाग के आयोजित आयुष संवाद के तहत ‘उत्तराखंड आयुष संसाधन और संभावनाएं’ कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं।

केंद्रीय आयुष मंत्री सोनोवाल ने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल आयुष यूनिट संचालित की जाएंगी और राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राज्य में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इसके अन्तर्गत 50 बेड के यूनानी हॉस्पिटल स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 100 आयुष वेलनेस सेंटर स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। नेशनल मेडिकल प्लांट्स बोर्ड की सहायता से 200 स्कूलों में हर्बल गार्डेन की स्थापना की जायेगी। नेशनल मेडिकल प्लांट्स बोर्ड की सहायता से उत्तराखंड के तेरह जिलों में तेरह नर्सरियों की स्थापना की जाएंगी। मेडिकल प्लांट्स आदि की अवस्थापना के लिये प्रत्येक वन पंचायत को 15 लाख की सहायता दी जाएगी। उत्तराखंड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में मर्म चिकित्सा की व्यवस्था होगी। यह देश का प्रमुख केन्द्र बनेगा।

सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर वर्ग को साथ लेकर देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा।इसकी सफलता के लिए सभी को कठोर परिश्रम बहुत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी मेहनत और लगन से उत्तराखंड की जनता की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने अल्प समय में ही उत्तराखंड की जनता के दिलों में अपना स्थान बना लिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास हो रहा है। आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि जब हम उत्तराखंड का 25वां स्थापना दिवस मनाएंगे तो उस समय हमारा राज्य उत्तराखंड हर क्षेत्र में हिन्दुस्तान का अग्रणी राज्य होगा, इसके लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सोनोवाल से उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान खोले जाने की मांग की। इस पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार की उत्तराखंड राज्य की जो भी अपेक्षाएं होंगीं, उन्हें हम पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में देश का नाम विश्व में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर अद्भुत है। पहले यहां संकरे रास्ते होते थे, लेकिन आज यह हाईवे जैसा बन गया है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में 400 करोड़ रुपये की योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।

कार्यक्रम को मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, वैद्य राजेश कोटेचा, सचिव, आयुष मंत्रालय भारत सरकार, डी. सेन्थिल पाण्डियन, संयुक्त सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, भारत सरकार, प्रो. सुनील कुमार जोशी, कुलपति उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय ने भी सम्बोधित किया।

अलकनन्दा घाट परिसर पहुंचने पर सीएम धामी, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत और अभिनन्दन किया। मंच का संचालन डॉ. नरेश चौधरी ने किया।