संत समाज के सहयोग से अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर ले रहा भव्य आकार : चंपत राय

Share

हरिद्वार :- विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने शुक्रवार को कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल पहुंचकर अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज से भेंट की। अखाड़ा पहुुंचने पर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज, कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज, महंत अमनदीप सिंह ने चंपत राय का फूलमाला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।

भेंटवार्ता के दौरान चंपतराय ने कहा कि संत समाज व आमजन के सहयोग से अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर भव्य आकार ले रहा है। निर्माण पूरा होने पर श्रीराम मंदिर से पूरे विश्व में सनातन धर्म का संदेश प्रसारित होगा। राममंदिर निर्माण में निर्मल अखाड़े के सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संतों के सहयोग से ही राम मंदिर निर्माण की हिन्दू समाज की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हुई है।

श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार-प्रसार में संत-महापुरुषों ने सदैव ही अहम भूमिका निभायी है। मंदिर निर्माण आंदोलन में भी संतों का प्रमुख सहयोग रहा। श्रीराम मंदिर धर्म व अध्यात्म का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने कहा कि राममंदिर निर्माण में विहिप नेता के रूप में चंपत राय ने अहम भूमिका निभायी। हर्ष का विषय है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री के रूप में वे आज मंदिर निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।