देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में जनसेवा की मिसाल पेश की है। इसके लिए आप सबको नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही हमारे चुनाव जीतने का शस्त्र भी हैं। भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है जो नेताओं के आधार पर नहीं वरन कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव लड़ती है और जीतती है। इसके लिए मैं कार्यकर्ताओं का आभार प्रदर्शन करता हूं। यह आभार प्रदर्शन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने वर्चुअल रूप से बुधवार आयोजित सशक्ति केन्द्र संयोजकों, प्रभारियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है, इनमें त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम शामिल हैं। कोरोना की लड़ाई में जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अद्भुत योगदान दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2014, 2017 व 2019 के चुनावों में प्रदेश की जनता का आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि आपने इन चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है, भाजपा पर विश्वास जताने के लिए मैं उत्तराखंड की जनता का करवद्ध होकर नमन करता हूं। धन्यवाद देता हूं और विश्वास जताता हूं कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी 2022 में पुन: प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। इसके पीछे केवल जनता की कृपा होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड पंच बद्री-पंच प्रयाग की भूमि है, जिसका पूरा विश्व नमन करता है। मैं भी उस भूमि का नमन करता हूं। यह भूमि भगवान केदारनाथ, बद्रीनाथ, नीलकंठ की भूमि है और मां गंगा की उद्गम स्थली है। इसी भूमि पर हेमकुण्ड और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र तीर्थ हैं। वीरभूमि उत्तराखंड के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों कालू मेहरा, सुंदर लाल बहुगुणा, चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी और बलिदान सपूतों को नमन करता हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के इस प्रबोधन को आईआरडीटी ऑडिटोरियम सर्वे चौक पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सुना।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोनाकाल में जनकल्याण और कोविड को हराने के लिए ऑक्सीजन और कोविड उपकरण खरीदने के साथ टीकाकरण किया जा रहा है। दुनिया में सबसे तेज गति का वैक्सीनेशन अभियान भारत में चल रहा है, जिस पर विपक्ष द्वारा जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया लेकिन जनता ने उनकी बातों में न आकर रिकार्ड वैक्सीनेशन करवाया गया। आने वाले समय में हम शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन को पूर्ण कर लेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के जन्मदिन पर ढाई करोड़ वैक्सीन लगाई गई जोकि एक रिकॉर्ड है। देश में मोदी जी व उत्तराखंड में धामी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विकास के आयामों को छूते हुए कहा कि आल वेदर रोड बनने से उत्तराखंड पर्यटन में नई ऊंचाइयों को छुएगा। ऋषिकेश कर्ण प्रयाग रेल लाइन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। विभिन्न योजनाएं संचालित हो रही हैं, सिटी गैस के तहत हरिद्वार देहरादून को पाइप लाइन से गैस मिलने वाली है। उन्होंने अंत्योदय योजना की भी चर्चा की और कहा कि उत्तराखंड में 27 लाख जन-धन खाते खुलवाए गये हैं। उजाला योजना में 56 लाख एलईडी बल्ब वितरित किये गये हैं। आयुष्मान भारत योजना में उत्तराखंड के लोगों को लाभ दिया जा रहा है। किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों को 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष मिल रहा है।
किसानों के संदर्भ में चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह करने का कार्य कर रही है लेकिन उनके द्वारा यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में किसानों के लिए कोई कार्य नहीं किया गया। हमारी सरकार ने एमएसपी में बढ़ोत्तरी कर किसानों को राहत दी है। मुख्यमंत्री रोजगार योजना से राज्य में 3 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उत्तराखंड में पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। उत्तराखंड में फ़िल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पॉलिसी बनाई गयी है। उत्तराखंड का निर्माण भी अटल सरकार में भाजपा ने ही किया है। मोदी जी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं। सभी कार्यों पर चर्चा सम्भव नहीं है लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इतना कार्य किया है जितना पहले कभी नहीं हुआ है।