दिल्ली और उत्तर पश्चिमी हिस्सों में 2 दिन और रहेगी उमस

Share

देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी व लू का दौर अभी दो दिन और परेशान करता रहेगा। रविवार से जरूर तापमान में थोड़ी कमी आने लगेगी। दक्षिणी पश्चिमी हवाएं भी कहीं-कहीं कुछ राहत दे सकती हैं, लेकिन मानसून की स्थिति में अभी एक सप्ताह तक कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा। यानी जहां है वहीं बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर लू की स्थिति बनी हुई है। पूर्वी-उत्तरी राजस्थान में भी अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति देखी जा रही है। अभी दो दिन और निचले स्तरों पर पाकिस्तान से उत्तर-पश्चिम भारत की ओर शुष्क पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी के तेवर तल्ख ही रहने की संभावना है।