तीन घंटे के लिए बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट का संचालन

Share

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट आज तीन घंटे के लिए बंद रहेगा। निजी हवाई अड्डे ने अधिसूचित किया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (CSMIA) पर संचालन सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक निलंबित रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ताउते के कारण मुंबई में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो रही है। तूफान के खतरे के बीच मुंबई में पांच जगह अस्थायी शेल्टर बनाए गए हैं। चक्रवाती तूफान ताउते के आने के डर से नवसारी में मछुआरों की नावें समुद्र में तैरती हुई दिखाई दीं।तूफान के मद्देनजर विस्तारा एयरलाइंस और इंडिगो ने अपने ग्राहकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की थी। कंपनियों की सेवाएं कई शहरों में बाधित हो गई हैं। विस्तारा और इंडिगो ने ट्वीट कर ट्रैवल एडवाइजरी की जानकारी दी। विस्तारा ने ट्वीट कर जानकारी दी कि, ‘अरब सागर में मौसमी परिस्थितियों की वजह से कंपनी की चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, बंगलूरू, मुंबई, पुणे, गोवा और अहमदाबाद के लिए उड़ान सेवाएं 17 मई 2021 तक प्रभावित रहेंगी।’

ग्राहकों की सुविधाओं के लिए कंपनी ने उसकी वेबसाइट पर उड़ानों का अपडेट लेने के लिए कहा है। ग्राहक एसएमएस के जरिए भी उड़ान के समय में हुए बदलाव की जानकारी ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें 9289228888 पर UK(फ्लाइट नंबर) डालकर भेजना होगा।