लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती छात्रा की स्थिर हालत

Share

लखनऊ। शाहजहांपुर में निर्वस्त्र कर जलाई गई छात्रा की हालत ७२ घंटे से स्थिर बनी हुई है। इससे आगामी दिनों में अब उसमें और सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उसे डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिविल अस्पताल के निदेशक डा. सुभाष एस सुंदरियाल ने बताया कि छात्रा की हालत स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि छात्रा को हायर सेंटर रेफर करना चाहते थे लेकिन, परिवारजन ले जाने को तैयार नहीं हैं। इसलिए यहां जो भी इलाज उपलब्ध है उसे मुहैया कराया जा रहा है।

बर्न स्पेशलिस्ट डाॅक्टर आरपी सि‍ंंह के निर्देशन में उसका इलाज चल रहा है। छात्रा का हाथ, चेहरा, पेट, चेस्ट और गला जला हुआ है। मंगलवार को होश में आने के बाद उसने परिवारजन से बताया था कि सहेली पि‍ंकी के देवर मनीष ने अपनी बुआ के लड़के और एक अन्य के साथ मिलकर उसे सोमवार की शाम को आग लगा दी थी। किसी तरह आग बुझाई थी। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद के कालेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है।  

ये है पूरा मामला : गौरतलब है क‍ि शाहजहांपुर में बीए की छात्रा को जिंंदा जलाने के मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंंद का एसएस कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इसी कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा सोमवार की शाम रिंगरोड पर जली अवस्था में मिली थी। वह कॉलेज पढ़ने आई थी जिसके बाद उसे किसने जलाया और वह रिंगरोड कैसे पहुंची इस बात की जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। हांलाकि इसके पहले भी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद का यह कॉलेज एलएलबी की छात्रा द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपो के चलते काफी सुर्खियों में रहा था। अपने पिता के साथ कॉलेज में पढ़ने आई छात्रा कॉलेज में नहीं रुकी थी। इस बात की जानकारी कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे के जरिए हुई।