गाजियाबाद। किसान आंदोलन में समर्थन देने के लिए समाजवादी पार्टी ने आज किसान समर्थन रैली का ऐलान किया था लेकिन पुलिस ने रैली का आयोजन करने जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आरडीसी स्थित कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया हालांकि इस बीच सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए 5 दर्जन से अधिक सफाई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जिन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने कहा कि आज अन्नदाता सड़क पर बैठा है और मोदी सरकार चैन से सो रही है। ऐसी सरकार को नींद से जगाने के लिए समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता सड़क पर आ चुका है। पुलिस प्रशासन चाहे कितना भी जोर लगा ले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सपा के सिपाहियों को जेल जाने का डर नहीं है। उन पर झूठे मुकदमे भी दर्ज किए जा सकते हैं लेकिन हम लोग मानसिक रूप से तैयार हैं और हमें किसान आंदोलन को हर हाल में समर्थन देना ही है। वही इस मौके पर सपा के जिला महासचिव वीरेंद्र यादव ने कहा कि कड़कड़ाती ठंड में किसानों पर अत्याचार किए जा रहे हैं।
कृषि कानून एक काला कानून है जिसको देश के किसानों पर थोपा जा रहा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी आलाकमान के आदेश पर समाजवादी पार्टी का हर सिपाही किसानों के समर्थन में मैदान में आ चुका है। सपा नेता मनमोहन झा गामा ने कहा कि योगी सरकार को जब डर लगता है तब वह पुलिस आगे कर देती है लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन से डरने वाले नहीं हैं। योगी सरकार ने जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित अन्य सपाइयों को नजरबंद करने का काम किया है। वह कायरता पूर्ण कार्यवाही है। योगी सरकार लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। ऐसी निकम्मी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वही इस मौके पर मौजूद एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू है। जिसके चलते किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है। ऐसे में समाजवादी पार्टी द्वारा जो विरोध प्रदर्शन किया गया। उस पर कानूनी कार्रवाई करते हुए 5 दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक,जिला महासचिव वीरेंद्र यादव,जब्बार मलिक, हरीश चौधरी, उमेद पहलवान, मनमोहन झा गामा, सपा महानगर महिला सभा के अध्यक्ष किरण कालिया, आशा सचदेवा, शशि वर्मा, पुष्पा शर्मा, मधु चौधरी, रश्मि चौधरी, विक्रांत पंडित, मनोज पंडित, मुकीम चौधरी, जब्बार मलिक, आशु अब्बासी, आदिल मलिक सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
युवा सपाइयों की तेजी से हक्का-बक्का रह गए एडीएम और एसपी सिटी
सुबह से ही समाजवादी पार्टी कार्यालय पर समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग इकट्ठा हो रहे थे। इस बीच पुलिस प्रशासन ने भी फील्डिंग लगा ली थी लेकिन सपा के कुछ युवा उत्साही कार्यकर्ताओं ने आरडीसी के मुख्य सड़क पर पहुंचकर भी जाम लगाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस प्रशासन ने हल्का बल प्रयोग करते हुए सभी को पुलिस वैन में लाद लिया। परंतु जैसे ही पुलिस की गाड़ी कार्यकर्ताओं को लेकर आगे बढ़ी कुछ सपाई बहुत तेजी से सड़क पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस वैन के आगे बैठकर धरना देना शुरू कर दिया।
इस सारे घटनाक्रम को सपाइयों ने बहुत तेजी से अंजाम दिया। जिसके चलते मौके पर मौजूद एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह एवं एसपी सिटी अभिषेक वर्मा कुछ देर के लिए तो हक्का-बक्का रह गए लेकिन तुरंत ही उन्होंने सपा के युवा उत्साही नेता मनमोहन झा और मनोज पंडित को उनकी टीम के साथ हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। जहां से काफिला सीधा हर्षा स्थित पुलिस लाइन पहुंचा।